सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने लिया हिस्सा, देहरादून में होने वाली रैली में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी का किया आह्वान
लक्सर। आफताब खान, वरिष्ठ विशेष संवाददाता।
देहरादून में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की प्रस्तावित रैली को सफल बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सचिन अग्रवाल के नेतृत्व में लक्सर में एक रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से कार्यकर्ताओं और आमजन से देहरादून पहुंचकर कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी करने की अपील की गई।
जानकारी के अनुसार, सचिन अग्रवाल ने अपने कैंप कार्यालय से रैली का शुभारंभ किया। रैली में सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं में कार्यक्रम को लेकर उत्साह दिखाई दिया। रैली के दौरान भाजपा के समर्थन में नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने देहरादून में होने वाली अमित शाह की रैली को सफल बनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर सचिन अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह संगठन के कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाए और अधिक से अधिक लोगों तक कार्यक्रम की जानकारी पहुंचाए।
रैली के आयोजन को लेकर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियों को भी गति दी है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा के विभिन्न नेताओं और पदाधिकारियों की सक्रियता भी लगातार बढ़ रही है।
इस दौरान लक्सर व्यापार मंडल से अतुल गुप्ता सहित भाजपा के अनेक कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।