रिपोर्ट राजेश गुप्ता
लक्सर-बालावाली रोड पर एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में एक महिला सहित छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि हायर सेंटर ले जाते हुए एक घायल युवक की मृत्यु हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार बालावाली मार्ग पर आरएस हॉस्पिटल के निकट लगभग 11:30 बजे दो वाइको की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। जिसमें स्प्लेंडर सवार चार युवक परीक्षित, आर्यन, अर्पित तथा रमन सभी निवासी मुंडा खेड़ा खुर्द अपने गांव से लक्सर की ओर जा रहे थे तभी सामने से आ रही बुलेट से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई जिसमें चारों युवकों समेत बुलेट सवार दंपत्ति अंकुल व उनकी पत्नी मोनिका निवासी हल्दौर जनपद बिजनौर गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें राहगीरों द्वारा तुरंत आरएस (प्राइवेट) हॉस्पिटल में ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने घायल पांचो व्यक्तियों की गंभीर स्थिति देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया,जहां मार्ग में ही एक घायल 14 वर्षीय युवक आर्यन की मृत्यु हो गई। जबकि घायल महिला का उपचार अस्पताल में जारी है। वही राहगीर निशु कुमार और रोहित कुमार ने बताया कि स्प्लेंडर की स्पीड बहुत तेज थी।