बरसात के बाद जगह-जगह जमा गंदगी से लोग परेशान, जिम्मेदारों के दावों पर उठ रहे सवाल
लक्सर। आफताब खान, वरिष्ठ विशेष संवाददाता। बरसात के बाद लक्सर नगर पालिका क्षेत्र में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे होने से सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। नगर के कई हिस्सों में कूड़ा जमा होने के कारण स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं लंबे समय से पड़े कूड़े के ढेर से दुर्गंध फैलने के साथ-साथ बीमारी फैलने की आशंका भी बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के बाद कई स्थानों पर सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई है। नियमित रूप से कूड़ा उठान और सफाई नहीं होने के कारण सड़कों एवं सार्वजनिक स्थानों पर कूड़े का अंबार दिखाई दे रहा है। इससे नगर की साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी है।
वहीं इस संबंध में नगर पालिका लक्सर के कार्यवाहक अधिशासी अधिकारी प्रेम शर्मा ने बताया कि नगर में सफाई व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है तथा सेनेटरी इंस्पेक्टर द्वारा सफाई कार्यों का निरीक्षण किया जाता है।
एक ओर नगर पालिका प्रशासन द्वारा सफाई व्यवस्था की निगरानी किए जाने की बात कही जा रही है, तो दूसरी ओर नगर में जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर व्यवस्थाओं की जमीनी स्थिति पर सवाल खड़े कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से नियमित सफाई, कूड़ा उठान और बरसात के बाद विशेष सफाई अभियान चलाने की मांग की है, ताकि नगरवासियों को गंदगी से राहत मिल सके।
