नवरात्रि पर्व को लेकर खाद्य विभाग की छापेमारी, कुट्टू आटा व सेंधा नमक के लिए नमूने; 55 एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक और फफूंदी लगा मल्टीग्रेन आटा कराया नष्ट
लक्सर। आफताब खान, वरिष्ठ विशेष संवाददाता। नवरात्रि पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट एवं एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने लक्सर क्षेत्र में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों, गोदामों, स्टोरेज एवं बिक्री केंद्रों का बारीकी से निरीक्षण किया गया। इस दौरान कुट्टू आटा एवं सेंधा नमक के कुल तीन खाद्य नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने बताया कि खाद्य सुरक्षा आयुक्त, उत्तराखंड विनय शंकर पाण्डेय तथा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में नवरात्रि पर्व को देखते हुए यह अभियान चलाया गया। अभियान का संयुक्त नेतृत्व तहसीलदार लक्सर दीवान सिंह राणा एवं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने किया।
टीम ने लक्सर क्षेत्र में स्थित आटा सप्लायरों, होलसेलरों, ट्रांसपोर्टरों तथा रिटेल प्रोविजन स्टोरों का निरीक्षण किया। गोवर्धनपुर रोड, रुड़की तिराहा, सोसायटी रोड, खानपुर रोड एवं बसेड़ी रोड सहित विभिन्न स्थानों पर खाद्य प्रतिष्ठानों के संग्रह स्थल, स्टोरेज, गोदाम और बिक्री केंद्रों की जांच की गई।

कुट्टू आटा और सेंधा नमक के लिए नमूने
नवरात्रि पर्व के दौरान विशेष रूप से उपयोग किए जाने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए टीम ने कुट्टू आटा के दो नमूने तथा सेंधा नमक (रॉक साल्ट) का एक नमूना, कुल तीन खाद्य नमूने लिए। सभी नमूनों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य विभाग की टीम को निरीक्षण के दौरान कहीं भी खुले में कुट्टू आटे की बिक्री या उसका संग्रह नहीं मिला। टीम ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि खाद्य पदार्थों की बिक्री निर्धारित मानकों के अनुसार ही की जाए।
अधिकारियों ने विशेष रूप से चेतावनी दी कि यदि किसी प्रतिष्ठान पर बिना निर्माण तिथि एवं एक्सपायरी तिथि अंकित कुट्टू आटा पाया गया तो संबंधित खाद्य प्रतिष्ठान के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी तथा उसका फूड लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
55 एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक मिलीं, मौके पर कराईं नष्ट
अभियान के दौरान कोतवाली मोड़, बसेड़ी रोड स्थित एक खाद्य प्रतिष्ठान पर टीम को बड़ी मात्रा में एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक मिलीं। निरीक्षण के दौरान मिनट मेड, सन क्रश, लिमका, फैंटा तथा मिरिंडा की कुल 55 पैक्ड बोतलें एक्सपायर्ड पाई गईं।
टीम ने तत्काल इन सभी एक्सपायर्ड बोतलों को बिक्री से हटवाया और मौके पर ही नष्ट कराया। संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता के विरुद्ध एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों की बिक्री के मामले में माननीय न्यायालय में वाद दायर करने की संस्तुति की गई है।
फफूंदी और कीड़े लगा चार किलो मल्टीग्रेन आटा मिला
इसी अभियान के दौरान गोवर्धनपुर रोड स्थित एक प्रोविजन स्टोर में भी खाद्य सुरक्षा टीम को अनियमितता मिली। निरीक्षण के दौरान दुकान से फफूंदी लगा और कीड़े लगा करीब चार किलो मल्टीग्रेन आटा बरामद हुआ। टीम ने उक्त खाद्य सामग्री को तत्काल बिक्री से हटवाकर मौके पर ही नष्ट करा दिया।
मामले में संबंधित दुकान संचालक के विरुद्ध भी न्यायालय में वाद दायर करने की कार्रवाई की जा रही है।

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता नहीं
तहसीलदार दीवान सिंह राणा ने कहा कि नवरात्रि जैसे पर्वों के दौरान लोगों की खाद्य सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मिलावटी, एक्सपायर्ड अथवा मानकों के विपरीत खाद्य पदार्थों की बिक्री किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने खाद्य कारोबारियों से अपील की कि वे खाद्य पदार्थों के भंडारण और बिक्री के दौरान सभी निर्धारित नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों पर निर्माण तिथि, एक्सपायरी तिथि एवं अन्य आवश्यक विवरण स्पष्ट रूप से अंकित होना चाहिए।
खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र के खाद्य कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। अधिकारियों ने संकेत दिया कि पर्व के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं एक्सपायरी डेट को लेकर जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।
