पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन एवं जन निर्माण पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया शर्मा ने की पूजा-अर्चना, मिल प्रबंधन ने किसानों से साफ-सुथरा गन्ना आपूर्ति करने की अपील की
लक्सर। आफताब खान, वरिष्ठ विशेष संवाददाता।
लक्सर स्थित राय बहादुर नारायण सिंह शुगर मिल का पेराई सत्र 2026-27 विधिवत पूजा-अर्चना के साथ धूमधाम से शुरू हो गया। पेराई सत्र के शुभारंभ अवसर पर मिल परिसर में धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किया गया, जिसमें पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन एवं जन निर्माण पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया शर्मा सहित मिल प्रबंधन और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े जनप्रतिनिधियों, किसान नेताओं एवं गणमान्य लोगों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में मिल के प्रधान प्रबंधक एसपी सिंह ने विधिवत पूजा-अर्चना कर नए पेराई सत्र का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने मिल के सफल संचालन और किसानों के लिए बेहतर व्यवस्थाओं की कामना की। उन्होंने कहा कि चीनी मिल और किसान एक-दूसरे के पूरक हैं। मिल का संचालन सुचारु रूप से जारी रखने में किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।

प्रधान प्रबंधक एसपी सिंह ने क्षेत्र के किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे मिल को साफ-सुथरा एवं ताजा गन्ना ही आपूर्ति करें। गन्ने में पत्तियां, जड़ें, मिट्टी और अन्य बाहरी पदार्थ न आने दें। साफ गन्ने की आपूर्ति से पेराई प्रक्रिया बेहतर रहती है और चीनी की गुणवत्ता बनाए रखने में भी मदद मिलती है। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि मिल प्रबंधन की ओर से पेराई सत्र को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि नए पेराई सत्र के प्रारंभ होने से क्षेत्र के गन्ना किसानों को अपनी फसल मिल तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही गन्ने की ढुलाई, श्रमिकों और मिल से जुड़े अन्य कारोबारों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। पेराई सत्र शुरू होने से किसानों में भी उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन एवं जन निर्माण पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया शर्मा ने भी पूजा-अर्चना में प्रतिभाग कर पेराई सत्र के सफल संचालन की कामना की।
कार्यक्रम में राज्य दर्जाधारी मंत्री श्यामवीर सैनी, राज्य दर्जाधारी मंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि, किसान आयोग के अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह, पूर्व मंडी समिति अध्यक्ष चौधरी सतवीर सिंह, किसान नेता एवं राजनीतिक कार्यकर्ता अजय वर्मा, किसान नेता विकास वालिया, मिल के एचआर पंकज सक्सेना, कार्यालय प्रभारी विकास चौधरी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं किसान उपस्थित रहे।

नए पेराई सत्र के शुभारंभ के साथ ही क्षेत्र में गन्ना खरीद और पेराई की गतिविधियां शुरू हो गई हैं। अब किसानों को उम्मीद है कि मिल का संचालन सुचारु रहेगा और उन्हें अपनी उपज की आपूर्ति में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
