खानपुर में ब्लॉक स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन, लोकगीत, लोकनृत्य और चित्रकला प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा
लक्सर। आफताब खान, वरिष्ठ विशेष संवाददाता।
खानपुर ब्लॉक परिसर स्थित सभागार में ब्लॉक स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन किया गया। महोत्सव की थीम भारतीय संस्कृति पर आधारित रही। कार्यक्रम में लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला प्रतियोगिता, कहानी लेखन, भाषण और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्राओं ने शराब, सुल्फा, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों के बढ़ते चलन के खिलाफ नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया।

युवा महोत्सव का आयोजन क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी आशीष सिंगवान के निर्देशन में कराया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख खानपुर के प्रतिनिधि मनीष कुमार ने प्रतिभाग किया। महोत्सव में उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिली। विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं ने अपनी रचनात्मकता, कला और सांस्कृतिक प्रतिभा का परिचय दिया।

कार्यक्रम में नेशनल कन्या इंटर कॉलेज खानपुर के संस्थापक घनश्याम गुप्ता ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्राओं के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। प्रतिभा और मेहनत के बल पर छात्राएं भविष्य में अपने करियर का बेहतर चुनाव कर सकती हैं। उन्होंने ऐसे आयोजनों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी बताया।

प्रतियोगिताओं में नेशनल कन्या इंटर कॉलेज खानपुर की छात्राओं ने लोकनृत्य, नुक्कड़ नाटक, भाषण और लोकगीत सहित विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चंद्रपुरी कला ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम में सूरजपाल, श्रीमती सुधा, श्रीमती प्रीति जोशी, मांगे राम मौर्य, सेतपाल, अरुण कुमार, मदनपाल और आकाश पवार सहित अन्य लोग मौजूद रहे। प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में मांगे राम मौर्य, सुधा रानी और प्रीति जोशी शामिल रहे।
युवा महोत्सव ने जहां युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान किया, वहीं नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाकर समाज को सकारात्मक दिशा देने का संदेश भी दिया।
