26 अक्टूबर को भगवान वाल्मीकि जयंती पर ‘अपनी मिट्टी, अपना परिवार’ बूथ-स्तरीय महाअभियान की होगी शुरुआत
लक्सर। आफताब खान, वरिष्ठ विशेष संवाददाता। हरिद्वार रोड स्थित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी सचिन अग्रवाल ने अपने कैंप कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही उनका मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि 26 अक्टूबर को भगवान वाल्मीकि जयंती के शुभ अवसर पर ‘अपनी मिट्टी, अपना परिवार’ बूथ-स्तरीय महाअभियान की शुरुआत की जाएगी।

सचिन अग्रवाल ने कहा कि जनसेवा और पार्टी कार्यकर्ताओं का सम्मान करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व उनके द्वारा वरिष्ठ कार्यकर्ता सम्मान कार्यक्रम की शुरुआत की गई थी। इस कार्यक्रम के अंतर्गत भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के घर-घर जाकर उन्हें तुलसी का पौधा और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। उनका उद्देश्य पार्टी के पुराने और समर्पित कार्यकर्ताओं के योगदान को सम्मान देना है।
उन्होंने बताया कि जनसेवा अभियान के तहत बुजुर्गों को छड़ी वितरित करने का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसके साथ ही घर-घर हनुमान चालीसा पहुंचाने, बुजुर्गों का आशीर्वाद लेने के उद्देश्य से चश्मा वितरण कार्यक्रम आयोजित करने तथा अपनी टीम के माध्यम से जरूरतमंदों तक आयरन की गोलियां पहुंचाने जैसे कार्य भी किए गए।

सचिन अग्रवाल ने बताया कि मातृशक्ति अभियान के अंतर्गत न्याय पंचायत स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। शिक्षक दिवस पर भी विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से शिक्षकों के योगदान को सम्मान दिया गया। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता और धार्मिक स्थलों की स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए पिछले वर्ष रविदास जयंती के अवसर पर मंदिरों की साफ-सफाई भी कराई गई थी।
उन्होंने आगे बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत एलईडी वाहन के माध्यम से लोगों तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाई गई, ताकि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सके और वे सरकार की योजनाओं के प्रति जागरूक हो सकें।

सचिन अग्रवाल को लक्सर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की ओर से टिकट के प्रबल दावेदारों में गिना जा रहा है। क्षेत्र में सामाजिक एवं जनसेवा से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से उनकी सक्रियता लगातार बनी हुई है। वह विभिन्न धर्मों और वर्गों के लोगों के सुख-दुख में शामिल होकर उनके साथ खड़े रहने की बात कहते हैं।
उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलना, जरूरतमंदों की सहायता करना और पार्टी की नीतियों एवं योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना ही उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने आगामी अभियान के माध्यम से बूथ स्तर पर जनसंपर्क को और मजबूत करने की बात भी कही।
