राज्य मंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि के समर्थन में उमड़ा जनसमर्थन, भारत माता के जयकारों से गूंजा लक्सर; 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी चर्चाएं तेज।
लक्सर। आफताब खान वरिष्ठ विशेष संवाददाता लक्सर विधानसभा क्षेत्र में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और युवाओं के उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला, जब उत्तराखंड सरकार के दर्जाधारी राज्य मंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि के समर्थन में एक भव्य बाइक रैली निकाली गई। जमदग्नि पब्लिक स्कूल से प्रारंभ हुई इस विशाल रैली में 3000 से अधिक बाइकों ने भाग लिया। हजारों युवाओं एवं समर्थकों की भागीदारी ने पूरे लक्सर क्षेत्र में उत्साह और जोश का माहौल बना दिया।

रैली के दौरान भारत माता की जय के नारों से वातावरण गूंज उठा। बाइकों का विशाल काफिला लक्सर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा। युवाओं का जोश, राष्ट्रप्रेम की भावना और आयोजन की भव्यता देखते ही बन रही थी। रैली में दवा व्यापारियों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपना समर्थन व्यक्त किया।
इस भव्य आयोजन ने जहां देशप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया, वहीं दूसरी ओर आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले लक्सर की राजनीति में भी नई चर्चाओं को जन्म दिया है। रैली में शामिल हजारों समर्थकों और 3000 से अधिक बाइकों की भागीदारी को ओमप्रकाश जमदग्नि के प्रति समर्थन के प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।

राजनीतिक दृष्टि से भी यह आयोजन काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर लक्सर क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं। ऐसे में उत्तराखंड सरकार में राज्य मंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि के समर्थन में निकली इस विशाल रैली ने उनकी राजनीतिक दावेदारी को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।
हालांकि, भाजपा की ओर से 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए लक्सर सीट पर प्रत्याशी को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन इस रैली ने क्षेत्र की राजनीतिक सरगर्मियों को और तेज कर दिया है। क्योंकि आज की जो ताजा तस्वीर है उसमें अगर कोई भारतीय जनता पार्टी की लक्सर सीट को जीत सकता है तो चेहरा ओम प्रकाश जमदग्नि हो सकते हैं क्योंकि ओमप्रकाश जमदग्नि 36 बिरादरी मेंअपनी पकड़ रखते हैं साथ ही साथ शिक्षा के क्षेत्र में इतना बड़ा मंदिर लक्सर जैसे अति पिछड़े क्षेत्र में बनाकर ओम प्रकाश जमदग्नि ने अपनी एक नई पहचान बनाई है
कुल मिलाकर, लक्सर में निकली इस भव्य बाइक रैली ने युवाओं के उत्साह, राष्ट्रप्रेम और जनभागीदारी की एक प्रभावशाली तस्वीर पेश की। अब सभी की निगाहें आगामी विधानसभा चुनाव और लक्सर की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों पर टिकी हैं।

