लक्सर-रिपोर्ट राजेश गुप्ता कोतवाली में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक व्यक्ति ने कथित तौर पर खुद पर तेल डालकर आग लगा ली। आग की लपटों में घिरे व्यक्ति को देखकर पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर दौड़े और कंबल डालकर आग बुझाई। घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुंडाखेड़ा खुर्द निवासी लगभग 50 वर्षीय नारायण पुत्र तेजपाल का अपने रिश्तेदारों के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। परिजन नें बताया इस विवाद को लेकर नारायण पहले खानपुर थाने भी अपनी फरियाद लेकर गया था, लेकिन वहाँ कोई सुनवाई नहीं हुई, फिर इसी विवाद को लेकर मंगलवार को गोवर्धनपुर कस्बे में दोनों पक्षों के बीच पंचायत भी हुई थी, लेकिन विवाद का समाधान नहीं हो सका।
इसके बाद नारायण कथित तौर पर अपने साथ तेल लेकर लक्सर कोतवाली पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कोतवाली गेट के पास उसने अपने ऊपर तेल डालकर माचिस से आग लगा ली। आग लगते ही वहां मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत दौड़े और कंबल डालकर आग बुझाई।
पुलिस ने घायल नारायण को तत्काल सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। उपचार कर रहे डॉक्टर नालिद असवाल ने बताया कि घायल को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है।
वहीं, घायल के बेटे पंकज ने खानपुर पुलिस पर मामले में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है
