लक्सर। आफताब खान, वरिष्ठ विशेष संवाददाता।
गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी श्री सनातन धर्मसभा श्री रामलीला कमेटी लक्सर द्वारा 89वें श्री रामलीला महोत्सव का आयोजन बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ किया जा रहा है। रामलीला मैदान में भगवान श्रीराम के जीवन एवं आदर्शों पर आधारित विभिन्न प्रसंगों का भव्य मंचन किया जा रहा है। रामलीला देखने के लिए नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

श्री रामलीला महोत्सव का विधिवत उद्घाटन उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्शों, मर्यादा, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलकर प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन को सार्थक बना सकता है। उन्होंने कहा कि हमें भगवान राम के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज और देशहित में आगे बढ़ना चाहिए।

रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों की भूमिका की सराहना करते हुए बताया गया कि इस बार विशाल चौधरी अध्यक्ष, वेदांश चौधरी महामंत्री तथा मनोज कुमार उपाध्यक्ष के दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। कमेटी द्वारा रामलीला के सफल आयोजन के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।

इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार में राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त ओमप्रकाश जमदग्नि ने कहा कि मनुष्य को कभी अहंकार नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि रावण अत्यंत शक्तिशाली और विद्वान था, लेकिन उसके अंदर अहंकार था। इसी अहंकार के कारण उसका भगवान श्रीराम के हाथों अंत हुआ। उन्होंने कहा कि रामलीला हमें बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश देती है।
वहीं राय बहादुर नारायण सिंह शुगर मिल के प्रधान प्रबंधक एस.पी. सिंह ने कहा कि श्री सनातन धर्मसभा द्वारा वर्षों से चली आ रही रामलीला की परंपरा को आज भी पूरी श्रद्धा और भव्यता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

रामलीला महोत्सव के दौरान नगर के अनेक गणमान्य नागरिक, श्रद्धालु एवं रामलीला प्रेमी मौजूद रहे। मंचन के दौरान कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
