लक्सर- रिपोर्ट राजेश गुप्ता पितृ अमावस्या के बाद मां दुर्गा की आराधना के पर्व नवरात्र के आरंभ होते ही बाजारों व गली मोहल्लों तक लगने वाली माता दुर्गा की प्रतिमाओं की दुकानों पर माता की प्रतिमाओं की खरीदारी जोर-जोर से चल रही है।आज 11 अक्टूबर से शुरू हो रहे शारदीय नवरात्र की महिलाओं ने पहले से ही तैयारी शुरू कर दी थी,घरों में साफ सफाई और पूजा स्थल को सजाने के साथ ही बाजार से माता की मूर्ति, चुनरी, श्रृंगार का सामान, कलश, और पूजा सामग्री की खरीदारी उत्साह पूर्वक चल रही है। नवरात्रि के पहले दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरुप मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना के साथ घटस्थापना के साथ नौ दिनों तक माता की पूजा की जाएगी, इस नवरात्र पर घरों में सती के रूप में मां की प्रतिमा लगाने का चलन है। पहले महिलाएं खुद मिट्टी से प्रतिमाएं तैयार करती थी, लेकिन अब बाजार से बनी बनाई प्रतिमाओं को खरीद कर घरों में सजाया जाने लगा है। बाजार में ₹30 से लेकर ₹2000 तक की सुंदर-सुंदर भव्य मूर्तियां उपलब्ध है। महिलाएं बाजार से दुर्गा की शेर सवारी वाली प्रतिमाओं के साथ नौ दिनों के व्रत के लिए पूजन सामग्री तथा कुट्टू और सिंघाड़े का आटा, साबूदाना, फल, मेवा और अन्य सामग्री की खरीदारी कर रही हैं। महिलाएं अष्टमी और नवमी पर कन्या पूजन के बाद उन्हें सप्रेम, श्रद्धा के साथ भेंट करने के लिए बर्तन एवं गिफ्ट सेंटर पर खरीदारी करने के लिए भी जुटी है। नवरात्रों में महिलाएं माता की पूजा के साथ परिवार के सभी सदस्यों की सुख समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करती है।
