सीएचसी लक्सर में मरीजों व तीमारदारों को बांटे फल-जूस, मैत्री कन्या गुरुकुल में कन्याओं को कराया भोजन
लक्सर। आफताब खान, वरिष्ठ विशेष संवाददाता।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता ओमप्रकाश जमदग्नि ने विभिन्न सेवा एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन कर मुख्यमंत्री की दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इस दौरान उन्होंने जरूरतमंदों की सेवा को प्राथमिकता देते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्सर पहुंचकर अस्पताल में भर्ती मरीजों तथा उनके तीमारदारों को फल और जूस वितरित किए।
राज्य मंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि ने कहा कि जनसेवा ही भारतीय संस्कृति और सामाजिक दायित्व का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान मरीजों और तीमारदारों में फल एवं जूस का वितरण किया गया।
इसके बाद राज्य मंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि मुंडाखेड़ा खुर्द स्थित मैत्री कन्या गुरुकुल पहुंचे। यहां उन्होंने गुरुकुल की कन्याओं के बीच विधि-विधान के साथ यज्ञ एवं हवन किया। हवन के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और प्रदेश के निरंतर विकास की कामना की गई।
राज्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के जन्मदिवस को केवल उत्सव के रूप में मनाने के बजाय सेवा, संस्कार और सामाजिक सरोकारों से जोड़ना अधिक महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से अस्पताल में मरीजों की सेवा तथा गुरुकुल की कन्याओं के बीच धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
हवन एवं पूजा-अर्चना के उपरांत मैत्री कन्या गुरुकुल में बालिकाओं को भोजन भी कराया गया। राज्य मंत्री ने कन्याओं के साथ समय बिताया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान गुरुकुल के वातावरण में धार्मिक एवं आध्यात्मिक माहौल बना रहा।
इस अवसर पर मैत्री कन्या गुरुकुल की प्रधानाचार्य सविता चौधरी सहित गुरुकुल से जुड़े अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सेवा, धार्मिक आस्था और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
