लक्सर। आफताब खान, वरिष्ठ विशेष संवाददाता। लक्सर से बसेड़ी होते हुए ज्वालापुर और हरिद्वार जाने वाले महत्वपूर्ण मार्ग पर इन दिनों सड़क के दोनों ओर फल ठेली लगाने वालों और अन्य अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। सड़क के दोनों किनारों पर ठेलियां खड़ी होने से मार्ग की चौड़ाई कम हो गई है, जिसके चलते राहगीरों और वाहन चालकों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
लक्सर-बसेड़ी-ज्वालापुर होकर हरिद्वार जाने वाला यह मार्ग क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। आगामी कुंभ मेले को देखते हुए इस मार्ग पर यातायात का दबाव और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में सड़क के दोनों ओर बढ़ता अतिक्रमण प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि फल ठेली संचालकों द्वारा सड़क के किनारे जगह-जगह ठेलियां लगा दी जाती हैं। कई स्थानों पर ठेलियों के कारण वाहन सड़क के बीच से निकलने को मजबूर होते हैं। इससे जाम की स्थिति बनने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है।
इस मामले में उप जिलाधिकारी लक्सर अनिल कुमार शुक्ला ने स्पष्ट कहा कि बसेड़ी से ज्वालापुर होते हुए हरिद्वार तक जाने वाला मार्ग अति महत्वपूर्ण है। आगामी कुंभ मेले में इस मार्ग का प्रयोग किया जाएगा। इसलिए इस मार्ग पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मार्ग पर जहां भी अतिक्रमण किया गया है, उसे लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय कर हटाया जाएगा। प्रशासन की प्राथमिकता मार्ग को सुचारु, सुरक्षित और यातायात के लिए सुगम बनाए रखना है।
प्रशासन के इस रुख के बाद माना जा रहा है कि जल्द ही मार्ग का निरीक्षण कर अतिक्रमण चिन्हित किया जाएगा और सड़क की दोनों तरफ किए गए अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई की जा सकती है। अब देखना होगा कि आगामी कुंभ को देखते हुए प्रशासन और लोक निर्माण विभाग इस महत्वपूर्ण मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए कितनी तेजी से कार्रवाई करते हैं।
