आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा दीदियों का हुआ सम्मान, महिलाओं को पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक
मंगलौर। आफताब खान, वरिष्ठ विशेष संवाददाता।
टांडा बन्हेड़ा गांव में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आशा दीदियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं एवं अन्य महिलाओं को स्वास्थ्य, पोषण तथा सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मौजूद आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान विशेष सावधानी बरतने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने के लिए जागरूक किया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ग्रामीण महिलाओं तक पहुंचाना रहा।
इस अवसर पर सुपरवाइजर संतोष बाला ने कहा कि सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न सामग्री एवं पोषण संबंधी सुविधाएं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को समय-समय पर उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
आंगनबाड़ी कार्यकत्री जेबा ने उपस्थित महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देते हुए कहा कि गर्भवती महिलाओं को समय-समय पर अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराते रहना चाहिए। उन्होंने महिलाओं से पौष्टिक एवं संतुलित आहार का सेवन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था के दौरान खान-पान पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है, जिससे मां और बच्चे दोनों का स्वास्थ्य बेहतर रह सके।
वहीं आंगनबाड़ी कार्यकत्री फरहाना ने महिलाओं को आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से महालक्ष्मी किट के संबंध में महिलाओं को विस्तार से बताया तथा योजना से संबंधित सुविधाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक जानकारी साझा की।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा दीदियों द्वारा महिलाओं की समस्याएं भी सुनी गईं तथा उन्हें स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित आवश्यक सुझाव दिए गए। ग्रामीण महिलाओं ने भी कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा दी गई जानकारी को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में अंजना शर्मा, नीता शर्मा, सलमा, जेबा, शबाना, गुलाबशा, सफिया, फरजाना, नसरीन, सलमा, शबनम, सलमा-2, दरक्षा सहित अन्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने महिलाओं और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए जागरूकता कार्यक्रमों को लगातार आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
